सीतापुर (संवाददाता): जिले में लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से तरीनपुर क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भर गया। एहतियातन प्रशासन ने करीब 45 मकान खाली कराकर प्रभावित परिवारों को नई बस्ती स्थित धर्मशाला में सुरक्षित ठहराया है, जहां उनके लिए भोजन-पानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, जलभराव से घिरी केशव ग्रीन सिटी में निवासियों, बच्चों और बुजुर्गों के सुरक्षित आवागमन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था कराई गई।डीएम ने बताया कि घाघरा और शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ चुका है। कैचमेंट एरिया में बारिश थमने से सरायन का पानी भी एक-दो दिन में सामान्य होने की उम्मीद है। इस दौरान एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम, एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार सहित तहसील कर्मी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ